Jharkhand

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहुंचे रामगढ़, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

Varsha Varma CE
Copy Editor
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहुंचे रामगढ़, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

रामगढ़ (RAMGHAR): भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला. उनके दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया गया. जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया.

कार्यक्रम के दौरान कोठार चौक के समीप शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा स्थल पर  श्रद्धांजलि कार्यक्रम भी आयोजित किया गया. भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने वहां पहुंचकर शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उनके योगदान को याद किया. इस अवसर पर स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी शहीद को नमन किया.

इस कार्यक्रम में हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, मांडू विधायक निर्मल महतो सहित कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. सभी नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताया.

मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी, जो देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष का झारखंड आना अपने आप में गौरव की बात है. उन्होंने कहा कि जिस तरह लोगों ने उत्साह और जोश के साथ स्वागत किया, वह संगठन की मजबूती और जनता के जुड़ाव को दर्शाता है.

उन्होंने आगे बताया कि श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने निजी कार्यक्रम के लिए बोकारो रवाना हो गए. वे लगभग दो घंटे बाद बोकारो से वापस लौटेंगे और राज्य से जुड़े अपने अन्य निजी एवं संगठनात्मक कार्यों में भाग लेंगे. पूरे दौरे के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया. कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और भाजपा कार्यकर्ताओं में इस दौरे को लेकर खासा उत्साह देखा गया.

रिपोर्ट : अनुज कुमार