Jharkhand

Prince Gang: एनकाउंटर में पुलिस अधिकारियों ने कितनी राउंड की थी फायरिंग,किसने -किसने बचाव में गोली चलाई

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद(DHANBAD): सोमवार की देर  रात बरवाअड्डा  के निरंकारी चौक पर  प्रिंस खान गैंग के साथ मुठभेड़ के क्रम में पुलिस अधिकारियों ने कुल सात राउंड फायरिंग की थी.   यह बात बरवाअड्डा  थाना प्रभारी के बयान पर दर्ज  प्राथमिकी से सामने आई है.  प्राथमिकी  में बताया गया है कि अपराधियों की घेराबंदी के बाद  उनके द्वारा फायरिंग के बाद बचाव में  बरवाअड्डा  थाना प्रभारी रवि कुमार ने दो, सरायढेला  थाना प्रभारी मंजीत कुमार, बैंक मोड़ थाना प्रभारी असित कुमार, कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार,  मैथन ओपी प्रभारी अभिनव कुमार और सब इंस्पेक्टर अभय कुमार ने एक-एक राउंड फायरिंग की.  

इस कार्रवाई में इरफान और नन्हे के पैर में गोली लगी.  FSL की टीम ने मौके से रंगदारी के रूप में वसूले गए एक लाख रुपए के अलावा दो मोबाइल, दो पिस्टल, तीन जिंदा गोली और  खोखे  सहित अपराधियों के खून के नमूने और बाइक जब्त  की है.  प्राथमिकी में  यह भी  कहा गया है कि 17 अगस्त की रात  कुर्मीडीह  चौक से संत निरंकारी चौक के बीच पुलिस ने सड़क किनारे अपराधियों की टोह में थी.  जैसे ही बाइक पर सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे और कारोबारी से ₹1,00,000 रंगदारी ली, वैसे ही पुलिस ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। 

 पुलिस ने अपना परिचय देते हुए सरेंडर करने को कहा.  लेकिन इसी बीच वासेपुर  के इरफान आलम और पुटकी निवासी नजीर  फायरिंग कर भागने लगे.  तीसरा अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।  भागने के दौरान अपराधियों की बाइक पेट्रोलिंग गाड़ी से टकरा गई.  प्राथमिकी  में बताया गया है कि 17 अगस्त की सुबह उन्हें सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गिरोह के लोग रात में एक जमीन कारोबारी से रंगदारी वसूलने आने वाले है.  मामले की जानकारी पर वरीय  पुलिस अधिकारी के निर्देशन में टीम गठित की गई थी. बता दें कि सोमवार की रात करीब 11:00 बजे संत निरंकारी चौक के पास   पुलिस से अपराधियों की   मुठभेड़ हो गई थी. 

TagsCRIME