☰
Jharkhand

पलामू के युवक की राजस्थान सड़क हादसे में गई जान, गांव में पसरा मातम

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पलामू(PALAMU): जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र से दुखद खबर सामने आई है जहां रानीदेवा गांव निवासी दिनेश प्रसाद सोनी (करीब 45 वर्ष) की राजस्थान के अलवर जिले में हुए एक सड़क हादसे में मौत हो गई. हादसे की खबर मिलते ही परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. बुधवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव रानीदेवा लाया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी. अंतिम दर्शन के दौरान गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन रहा और हर किसी की आंखें नम दिखीं.

परिजनों के अनुसार, दिनेश प्रसाद सोनी राजस्थान के अलवर में एक निजी कंपनी में कार्यरत थे. वह रविवार को अपने घर से ड्यूटी के लिए रवाना हुए थे. अलवर रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद वह टेंपो से अपने कार्यस्थल की ओर जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में एक अन्य वाहन की टक्कर से टेंपो दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसा इतना भीषण था कि दिनेश सोनी की मौके पर ही मौत हो गई. बताया गया कि उनका परिवार लंबे समय से सोना-चांदी के व्यवसाय से भी जुड़ा रहा है. अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पार्थिव शरीर को राजस्थान से झारखंड लाने में परिजनों के साथ कई लोगों ने सहयोग किया. विशेष रूप से ज़ी न्यूज़ की एंकर वर्षा सोनी, दीपक सोनी और अन्य परिजनों ने शव को अलवर से हैदरनगर स्थित पैतृक गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. स्थानीय लोगों ने इस सहयोग की सराहना करते हुए इसे मानवता की मिसाल बताया. ग्रामीणों ने कहा कि दुख की इस घड़ी में मिला यह साथ परिवार के लिए बड़ा संबल साबित हुआ. अंतिम संस्कार के दौरान क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे और दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.