☰
Jharkhand

हुसैनाबाद के युवक की हैदराबाद में सड़क दुर्घटना में गई जान,गाँव में मातम का माहौल  

Samir Hussain
Samir Hussain
सीनियर रिपोर्टर

पलामू:हुसैनाबाद के एक युवक की हैदराबाद में सड़क हादसे में जान चली गई. युवक की मौत की खबर से परिवार में मातम का माहौल बन गया. 23 वर्षीय युवक हैदराबाद में मजदूरी का काम कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था. अचानक एक हादसे में उसकी ज़िंदगी खत्म हो गई. मृतक कमलेश कुमार सड़क पार कर रहा था तभी तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी.जिसमें उसकी जान चली गई. अब शनिवार को शव हुसैनाबाद पहुंचा है.            

बता दे कि हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के झरगाड़ा गांव निवासी स्व. सुरेश राम के 23 वर्षीय पुत्र कमलेश कुमार की तेलंगाना के हैदराबाद में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. कमलेश बेरोजगार था और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के उद्देश्य से मजदूरी करने हैदराबाद गया था.

ग्रामीण सूत्रों के अनुसार बताया जाता है कि 17 नवंबर 2026 को तेलंगाना के हैदराबाद में काम करने के बाद लौटने के दौरान वह सड़क पार कर रहा था. इसी बीच तेज रफ्तार से आ रहे एक वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. जिसके इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया. एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही कमलेश ने दम तोड़ दिया.

इसके बाद मृतक का शव बर्फ के सहारे झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत उसके पैतृक गांव झरगाड़ा लाया गया. सूचना मिलने पर शुक्रवार को हुसैनाबाद पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया.

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख- पुकार मच गई. परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, गांव में भी शोक की लहर है. कम उम्र में कमलेश की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. हैदराबाद में हुसैनाबाद के मजदूर की दुर्घटना में मौत पर विभिन्न राजनीतिक और गैर राजनीतिक संगठन के लोगों ने गहरा दुःख व्यक्त किया है व परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की है. शोक व्यक्त करने वालों में पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह, जिला परिषद उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह उर्फ टूटू सिंह, भाजपा नेता रामप्रवेश सिंह, संतोष कुमार सिंह, राजद नेता खुर्शीद अहमद, व्यवसायिक संघ के अध्यक्ष सचिन आनंद, नर्वदेश्वर सिंह, जेएमएम नेता रामप्रवेश सिंह,जोगेंद्र सिंह, विवेकानंद सिंह, बशिष्ठ कुमार सिंह, कांग्रेसी नेता गुप्तेश्वर पांडेय, धनंजय तिवारी के अलावा कई लोग शामिल हैं.