पलामू (PALAMU): झारखंड में एक विधायक की ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक हलचल मचा दी है. गांव तक पहुंचने के लिए पुल नहीं मिला तो बिश्रामपुर के RJD विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने एक दलित ग्रामीण के कंधे का सहारा ले लिया. लेकिन धुरिया नदी पार करने के दौरान बीच धारा में दोनों का संतुलन बिगड़ गया और विधायक समेत ग्रामीण पानी में जा गिरे. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि गनीमत रही कि नदी में पानी कम था, जिससे दोनों को गंभीर चोट नहीं आई. अब इस घटना को लेकर विधायक की कार्यशैली, दलित सम्मान और क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली पर सवाल उठने लगे हैं.
दरअसल, पलामू जिले के बिश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के घासीदाग पंचायत में एक धार्मिक समारोह आयोजित किया गया था. इसमें शामिल होने के लिए विधायक नरेश प्रसाद सिंह गांव पहुंचे थे. हालांकि, घासीदाग गांव तक जाने के रास्ते में धुरिया नदी पड़ती है. नदी में पानी होने के कारण विधायक ने खुद पैदल नदी पार करने के बजाय एक दलित ग्रामीण के कंधे पर बैठकर दूसरी तरफ जाने का फैसला किया. ग्रामीण जब विधायक को लेकर नदी की बीच धारा में पहुंचा, तभी उसके कदम लड़खड़ा गए. देखते ही देखते दोनों पानी में गिर पड़े.
पुल नहीं होने से बारिश में कट जाता है पंचायत का संपर्क
इस घटना के बाद घासीदाग पंचायत में पुल निर्माण का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है. दरअसल, बारिश के मौसम में यह पंचायत मुख्य सड़क से कट जाती है. चारों ओर नदियों से घिरे इस इलाके के ग्रामीण लंबे समय से प्रशासन और सरकार से पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि आवागमन की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें रोजमर्रा के कामों के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. ऐसे में फिलहाल, धुरिया नदी में विधायक के गिरने का वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है. वहीं, इस घटना ने घासीदाग पंचायत में वर्षों से लंबित पुल निर्माण की मांग को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है.
