पलामू (PALAMU): मेदिनीनगर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत पोखराहा गांव में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया जहां स्कूटी और हाइवा की भीषण टक्कर होने से स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया. जानकारी के अनुसार, पोखराहा गांव के पास एक तेज रफ्तार हाइवा और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में स्कूटी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान पांकी थाना क्षेत्र के करार गांव निवासी मजीद आलम उर्फ गोल्डन के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए. युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर मौके से भागने का प्रयास कर रहा था. हालांकि ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. घटना से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है. लोगों ने सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था करने और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की. जाम के कारण कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा.
घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाने की कोशिश की. ग्रामीणों ने बताया कि दो दिन पहले भी इसी इलाके में सड़क हादसे में गढ़वा जिले के नावाडीह गांव निवासी 60 वर्षीय नागेश्वर तिवारी की जान चली गई थी. लगातार हो रही दुर्घटनाओं से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. पुलिस ने हाइवा चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और सड़क सुरक्षा से जुड़ी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया है.
