Jharkhand

पलामू में दर्दनाक सड़क हादसा: बोरवेल ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर, बुजुर्ग की मौत, 5 घायल

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पलामू (PALAMU): जिले के हुसैनाबाद क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना ने इलाके को झकझोर कर रख दिया. जपला-छतरपुर मुख्य मार्ग पर गम्हरिया गांव के समीप एक बेकाबू बोरवेल ट्रक और ऑटो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना भयावह था कि एक बुजुर्ग की मौके पर ही जान चली गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि एक घायल व्यक्ति का पैर कटकर शरीर से अलग हो गया. ऑटो में दो बच्चों सहित कुल आठ लोग सवार थे. हादसे में बच्चों को भी चोटें आई हैं. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग तुरंत राहत कार्य में जुट गए. ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर कर दिया. अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है.

घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला. मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया. प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग है कि बोरवेल ट्रक के मालिक को मौके पर बुलाया जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए.

सड़क जाम की सूचना मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती, राजद के प्रदेश महासचिव रवि यादव, अंचल अधिकारी पंकज कुमार और थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य बनाने की कोशिश की, लेकिन खबर लिखे जाने तक ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए थे. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है. हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है.