Jharkhand

रांची से लापता तीन मासूम बच्चे पलामू से बरामद,एक गिरफ्तार,जांच में जुटी पुलिस   

Zafar  Palamu
Zafar Palamu
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

 

पलामू(PALAMU):रांची जिले के खलारी थाना क्षेत्र से एक साथ लापता हुए तीन मासूम बच्चों को पलामू पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया. इस मामले में एक युवक को भी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बच्चों को बरामद करने के बाद रांची पुलिस को सुपुर्द किया है. साथ ही पूरे मामले की जांच में जुट गई है.   

बच्चों की बरामदगी पर हैदरनगर थाना प्रभारी तंजीलुल मन्नान ने बताया कि तीनों बच्चे खलारी थाना क्षेत्र के सुभाष नगर टीएच कालोनी स्थित भुईयां टोली के रहने वाले हैं. रविवार शाम को खेलते-खेलते वे अचानक लापता हो गए थे, जिसके बाद उनकी तलाश की जा रही थी.

 खलारी थाना पुलिस से मिली सूचना के आधार पर हैदरनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बुधवार को हैदरनगर रेलवे स्टेशन से तीनों बच्चों को बरामद कर लिया. पुलिस ने बरेवा गांव निवासी रंजीत सिंह को भी गिरफ्तार किया है.

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक मंगलवार रात रांची–बनारस इंटरसिटी एक्सप्रेस से तीनों बच्चों को लेकर यात्रा कर रहा था. सूचना मिलते ही हैदरनगर पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई कर बच्चों को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया. घटना की सूचना खलारी थाना पुलिस को दे दी गई.  इसके बाद बुधवार शाम खलारी थाना की पुलिस हैदरनगर पहुंची और आरोपी युवक तथा तीनों बच्चों को अपने साथ खलारी लेकर रवाना हो गई.  बच्चों की बरामदगी के बाद पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी व हुसैनाबाद के एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला हैदरनगर थाना पहुंचे.  उन्होंने पूरे मामले की जानकारी प्राप्त की.  मामले में आगे की जांच जारी है.