Jharkhand

पलामू में रफ्तार का कहर ऐसा की घर में जा घुसी कार, चिकित्सा प्रभारी की गाड़ी ने ली एक की जान

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पलामू (PALAMU): जिले के पाटन थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. सगुना-बैरिया मुख्य मार्ग पर सिक्की कला गांव के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर एक घर में जा घुसी. हादसे में घर के बाहर सो रहे 52 वर्षीय विनोद सिंह की मौके पर ही मौत हो गई.

जानकारी के अनुसार पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार मेदिनीनगर लौट रहे थे. इसी दौरान सिक्की कला गांव के पास उनकी कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे एक मकान से टकरा गई. हादसे के समय गर्मी के कारण विनोद सिंह घर के बाहर सो रहे थे, जिसकी वजह से वह कार की चपेट में आ गए.

इस दुर्घटना में डॉ. मिथिलेश कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. उन्हें इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मृतक के परिजनों ने बताया कि विनोद सिंह टेंपो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. वहीं ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. लोग मृतक के परिवार को मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग कर रहे हैं.

इधर डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि महिंद्रा मोड़ के पास कुछ अज्ञात लोग उनकी गाड़ी को रोकने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया और हादसा हो गया. सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. खबर लिखे जाने तक ग्रामीणों ने शव उठाने नहीं दिया था.