पलामू (PALAMU): जिले से खबर सामने आ रही है जहां नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में बुधवार को सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब बटाने डैम के पानी में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ दिखाई दिया. शव को तैरता देख स्थानीय लोगों में अफरा तफरी मच गई. आस पास के इलाके यह खबर तेजी से फैल गई. घटना की जानकारी मिलने पर नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और शव को बाहर निकालने के लिए स्थानीय ग्रामीण गोताखोरों की मदद ली. काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला गया. इसके बाद मृतक की पहचान की गई. शव देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मृतक की पहचान छतरपुर थाना क्षेत्र के मड़वा गांव निवासी 52 वर्षीय ललन भुईयां के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, परिजनों ने बताया कि ललन भुईयां की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह अक्सर घर से निकलकर इधर-उधर घूमते रहते थे. वह पिछले दो दिनों से लापता थे. उनकी तलाश की जा रही थी, लेकिन इस बीच बटाने डैम में उनका शव मिलने की खबर सामने आई. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में दुख का माहौल छा गया. हालांकि, परिजनों ने किसी के खिलाफ हत्या या किसी अन्य तरह की साजिश को लेकर कोई आरोप नहीं लगाया है. फिलहाल शव मिलने की घटना से गांव और आसपास के क्षेत्रों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
इधर, पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई. डैम में शव मिलने के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है. पुलिस की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. इस घटना ने मृतक के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. घर के सदस्य अपने प्रियजन की मौत से टूट गए हैं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
