Jharkhand

पलामू में 9 महीने की गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

Varsha Varma CE
Varsha Varma CE
Copy Editor

पलामू(PALAMU): जिले के मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र स्थित पोखराहा गांव में एक 25 वर्षीय गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. इस घटना में न सिर्फ महिला की जान गई, बल्कि उसके गर्भ में पल रहे नौ माह के अजन्मे बच्चे की भी मौत हो गई. मृतका की पहचान पोखराहा गांव निवासी सत्येंद्र कुमार राम की पत्नी रीता कुमारी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि रीता नौ महीने की गर्भवती थी और जल्द ही मां बनने वाली थी.

घर के अधिकांश सदस्य मजदूरी के लिए बाहर गए हुए थे. उस समय घर में केवल रीता और उसकी सास मौजूद थीं. इसी दौरान महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई. आशंका जताई जा रही है कि उसने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था. हालत गंभीर होने पर परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने महिला की जांच की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

वहीं, मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए. परिजनों का दावा है कि रीता की मौत सामान्य नहीं है और उसे जहर देकर मार दिया गया है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.

 पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से पूछताछ की पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या, दुर्घटना या किसी अन्य कारण से हुई मौत का मामला है.