Jharkhand

पलामू में रीमा सेवा सदन सील, न डॉक्टर मिले न जरूरी दस्तावेज, बिना लाइसेंस चल रही थी दवा दुकान

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

पलामू (PALAMU): MMCH सदर अस्पताल के सामने चल रहे रीमा सेवा सदन को प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है. अस्पताल में कई गंभीर अनियमितताएं मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई. अनुमंडल पदाधिकारी सदर मेदिनीनगर संजय पांडेय और सिविल सर्जन की संयुक्त टीम ने अस्पताल में औचक छापेमारी की थी.

प्रशासन की टीम जब अस्पताल पहुंची तो वहां एक भी डॉक्टर या स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं मिला. जांच के दौरान अस्पताल प्रबंधन जरूरी कागजात भी नहीं दिखा सका. किराएनामा, ऑपरेशन थिएटर रजिस्टर, इंडोर रजिस्टर, डिस्चार्ज रजिस्टर और डॉक्टरों के सहमति पत्र जैसे दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे.

अस्पताल में साफ-सफाई की स्थिति भी खराब मिली. बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण की उचित व्यवस्था नहीं थी और अग्निशमन से जुड़े जरूरी सुरक्षा उपकरण भी नहीं मिले.

OT में साधारण बल्ब, टेबल भी खराब हालत में

जांच टीम को ऑपरेशन थिएटर की स्थिति भी ठीक नहीं मिली. यहां जरूरी व्यवस्था और उपकरणों की कमी सामने आई. ओटी लैंप की जगह साधारण बल्ब का इस्तेमाल किया जा रहा था, जबकि ऑपरेशन टेबल गंदी और क्षतिग्रस्त हालत में मिली. आपातकालीन चिकित्सा से जुड़े जरूरी उपकरण भी पर्याप्त नहीं थे.

जांच में अस्पताल परिसर के अंदर बिना लाइसेंस दवा दुकान चलाए जाने की बात भी सामने आई. इन सभी अनियमितताओं को देखते हुए प्रशासन ने पूरे अस्पताल परिसर को सील कर दिया.

कार्रवाई के समय अस्पताल में दो महिला मरीज भर्ती थीं. दोनों को सुरक्षित तरीके से स्थानीय सदर अस्पताल में शिफ्ट कराया गया. इसके साथ ही सिविल सर्जन पलामू को अस्पताल संचालक के खिलाफ नियमों के अनुसार कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.