पलामू (PALAMU): पलामू के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र से खबर आई है जहां पांकी-मेदिनीनगर मुख्य पथ पर दर्दनाक हादसा हो गया. जगतपुरवा शिव मंदिर के पास एक कंटेनर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. कंटेनर की चपेट में आने से सड़क किनारे मौजूद तीन गायें उसके नीचे दब गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. इधर, हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और वहां लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के करीब 12 घंटे बाद तक तीनों गायें कंटेनर के नीचे दबी रहीं. उन्हें बाहर निकालने की प्रक्रिया में भी काफी देरी हुई. घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई और लोगों ने सड़क की स्थिति को लेकर सवाल उठाए.
ग्रामीणों के मुताबिक, पांकी-मेदिनीनगर मुख्य पथ लंबे समय से बदहाल स्थिति में है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. कुराइन पतरा पंचायत के मुखिया पति बीरेंद्र कुमार ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण इस मार्ग पर हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क पर बने गड्ढों के कारण ही कंटेनर का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क किनारे पलट गया. ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है. इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही होती है.
ग्रामीणों ने कहा कि हादसा रात के समय होने के कारण एक बड़ा खतरा टल गया. अगर यही घटना दिन में होती, जब सड़क पर वाहनों और लोगों की आवाजाही ज्यादा रहती है, तो कई लोग भी कंटेनर की चपेट में आ सकते थे. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क के गड्ढों को तत्काल भरने और पूरे मार्ग की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि महज खानापूर्ति के तौर पर गड्ढे भरने से समस्या का समाधान नहीं होगा. सड़क की गुणवत्ता के साथ स्थायी मरम्मत जरूरी है, ताकि वाहन चालकों को सुरक्षित आवागमन मिल सके और भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके.
