Jharkhand

पलामू: मनातू में महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पलामू (PALAMU): जिले के मनातू थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है. दलदलीया गांव में 40 वर्षीय एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका की पहचान महेंद्र परहिया की पत्नी तुला देवी के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए जिसके बाद इसकी सूचना मनातू थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए. इसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया.

शुरुआती जांच में सामने आया है कि तुला देवी ने अपने घर के बाहर फांसी लगाई थी. हालांकि उन्होंने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके. फिलहाल किसी तरह का सुसाइड नोट मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है.

घटना के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है. गांव के लोगों ने बताया कि इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल यूडी केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि मामले को लेकर किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और जांच पूरी होने तक पुलिस का सहयोग करें. मामले की हर बिंदु पर गहनता से जांच की जा रही है.