Jharkhand

पलामू: साधारण पेट दर्द ने ली युवक की जान, चार मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
पलामू:  साधारण पेट दर्द ने ली युवक की जान, चार मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

पलामू (PALAMU): जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है जहां 35 वर्षीय युवक अखिलेश कुमार राम की शनिवार को मामूली पेट दर्द के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई. इस असामयिक मौत के बाद मृतक के परिजनों और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. इस घटना की सूचना पाकर गाँव में मातम पसर गया. किसी को विश्वास नहीं हो रहा है कि सुबह तक पूरी तरह स्वस्थ दिखने वाला युवक दोपहर होते-होते इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह गया.

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह अखिलेश कुमार राम के पेट में अचानक असहनीय और तेज दर्द शुरू हुआ. तबीयत को तेजी से बिगड़ता देख परिवार के लोग आनन-फानन में उन्हें स्थानीय विश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लेकर पहुंचे. वहां मौजूद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू किया. हालांकि, स्थिति में सुधार न होने और हालत अत्यधिक गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने बेहतर और उच्च स्तरीय इलाज के लिए उन्हें तुरंत मेदिनीनगर स्थित मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (MMCH) रेफर कर दिया.

जिसके बाद एमएमसीएच (MMCH) मेदिनीनगर में डॉक्टरों की टीम ने युवक को बचाने के इलाज शुरू किया. लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया. अखिलेश की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार मच गई. घर के कमाऊ सदस्य और मुखिया के चले जाने से चारों मासूम बच्चों के सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया है, जिससे पूरे क्षेत्र के लोग सदमे में है. आपको बता दें, मृतक अखिलेश अपने पीछे पत्नी और चार छोटे-छोटे मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं. इस दुखद घटना के बाद से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.