☰
Jharkhand

पलामू: पूजा पंडाल से लौटते वक्त लापता हुई महिला, धान के खेत में मिला शव, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पलामू (PALAMU): झारखंड के पलामू जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र में एक महिला के लापता होने के बाद धान के खेत में उसका शव से उसका शव मिला है. मृतका की पहचान बसना पंचायत निवासी शशि पासवान की 30 वर्षीय पत्नी गीता देवी के रूप में हुई है. महिला दुर्गा पूजा पंडाल से घर लौटने के दौरान लापता हो गई थीं. शव मिलने के बाद दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

मिली जानकारी के अनुसार, गीता देवी के लापता होने के बाद परिजन उनकी तलाश कर रहे थे. परिजनों और ग्रामीणों ने अपहरण की आशंका जताते हुए बुधवार सुबह सड़क जाम कर दिया. इससे मेदिनीनगर से औरंगाबाद जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन बाधित हो गया. ग्रामीणों की मांग थी कि महिला को जल्द से जल्द बरामद किया जाए.

पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का किया प्रयास

सड़क जाम की सूचना मिलने पर नावाबाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया. इसी बीच लापता महिला का शव धान के खेत में मिलने की सूचना सामने आई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया.

दुष्कर्म की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

धान के खेत में महिला का शव मिलने के बाद दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, महिला के साथ दुष्कर्म हुआ था या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इस घटना के पीछे किसी आपराधिक साजिश की भूमिका है या नहीं, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा.