पलामू( PALAMU): जिले के मोहम्मदगंज रेलवे स्टेशन के पास से सनसनीखेज खबर सामने आई है जहां सोमवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान कड़नाडा गांव निवासी अनीता देवी के रूप में हुई है, जो जगदीश मेहता की बहू और धर्मेंद्र मेहता की पत्नी थीं. परिजनों के अनुसार, अनीता देवी मोहम्मदगंज स्टेशन से जपला जाने के लिए उप पैसेंजर ट्रेन पकड़ने पहुंची थीं. इसी दौरान वह किसी तरह ट्रेन की चपेट में आ गईं. हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद उनका शव मोहम्मदगंज रेलवे स्टेशन से लगभग 200 से 250 मीटर की दूरी पर डाउन रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और परिवार में मातम छा गया.
इस घटना की जानकारी मिलते ही हुसैनाबाद थाना प्रभारी और मोहम्मदगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची. प्रारंभिक जांच के बाद अधिकारियों ने बताया कि हादसा रेलवे स्टेशन के सिग्नल क्षेत्र के भीतर हुआ है, इसलिए नियमानुसार इस मामले की जांच रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) द्वारा की जाएगी. इसके बाद रेलवे पुलिस की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच भेज दिया. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके.
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह मामला ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था. फिलहाल रेलवे पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. वहीं इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है. पुलिस ने लोगों से रेलवे ट्रैक पार करते समय और स्टेशन परिसर में पूरी सतर्कता बरतने की अपील भी की है.
