Jharkhand

बदनामी के डर से पिता ने अपनी ही बेटी की कर दी हत्या, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पलामू (PALAMU): पलामू जिला अंतर्गत लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के लोहरा गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है.  एक पिता ने बस अपनी बेटी को इसलिए मौत के घाट उतार दिया ताकि उसकी बदनामी ना हो. दरअसल, यहां अंजलि कुमारी नाम की एक युवती की निर्मम हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके सगे पिता अगस्त कुमार मेहता को गिरफ्तार किया है. पुलिस की शुरुआती छानबीन में यह बात सामने आई है कि युवती की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो क्षेत्र में वायरल किए गए थे. इस दुष्प्रचार से समाज में हुई बदनामी और आक्रोशित होकर पिता ने अपनी ही बेटी की जान ले ली.

इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा तब हुआ जब स्थानीय चौकीदार प्रवीण कुमार के आवेदन पर लेस्लीगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए लेस्लीगंज के एसडीपीओ (SDPO) प्रशांत कुमार ने प्रेस वार्ता कर बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है. इसके साथ ही पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए मुख्य हथियार (कुल्हाड़ी/टांगी) को भी बरामद कर लिया है. इस घटना के बाद से ही पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है.

पुलिस की गहन जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि राजबली मेहता और अरविंद कुमार मेहता नाम के दो युवकों ने मिलकर अंजलि कुमारी के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो को क्षेत्र में फैलाकर दुष्प्रचार किया था. जैसे ही इस बात की भनक अंजलि के पिता अगस्त कुमार मेहता को लगी, वे अपने गुस्से पर काबू नहीं रख पाए और कुल्हाड़ी से अपनी ही पुत्री पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस अब वीडियो वायरल करने वाले दोनों नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.