पलामू (PALAMU): जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत रजवाडीह गांव से एक सनसनीखेज खबर सामने आ रही है जहां एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. मृतका की पहचान 25 वर्षीय मनीषा देवी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, मनीषा की शादी अप्रैल 2025 में रजवाडीह निवासी मिथलेश साव से हुई थी. शादी के करीब एक वर्ष बाद ही उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका का करीब दो माह का एक मासूम बच्चा भी है. बताया जा रहा है कि उसके पति मिथलेश साव रोजी-रोटी कमाने के लिए बाहर काम करते हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे. घटना की सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं.
मृतका का मायका लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के पुरानी पतर गांव में है. घटना की जानकारी मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग तत्काल रजवाडीह पहुंचे. परिजनों ने मनीषा की मौत को संदिग्ध बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि मनीषा आत्महत्या नहीं कर सकती थी. आरोप है कि उसकी हत्या करने के बाद शव को फांसी के फंदे से लटका दिया गया ताकि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो. मृतका के परिजनों ने उसके देवर, सास, ससुर और ननद पर हत्या में संलिप्त होने का आरोप लगाया है. साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराने की मांग की है ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो सके.
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच भेज दिया. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू को ध्यान में रखकर की जा रही है. फिलहाल आत्महत्या और हत्या दोनों पर जांच जारी है.
