☰
Jharkhand

पलामू: दहेज प्रताड़ना के आरोपों के बीच विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति और ससुर पर हत्या का लगा आरोप

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पलामू (PALAMU): जिले के रेहला थाना क्षेत्र के घाघुवा गांव में एक 23 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतका की पहचान ममता कुमारी के रूप में हुई है. उसकी मौत के बाद मायके वालों ने पति और ससुर पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है. वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

मृतका के परिजनों के अनुसार, ममता की शादी 29 मई 2026 को हिंदू रीति-रिवाज से विकास कुमार चौधरी के साथ हुई थी. शादी को अभी छह महीने भी पूरे नहीं हुए थे कि उसकी संदिग्ध मौत हो गई. मायके वालों का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से दहेज की मांग को लेकर ममता को परेशान किया जाने लगा था. पति विकास कुमार चौधरी और ससुर छोटे लाल चौधरी कथित तौर पर उसके साथ आए दिन मारपीट करते थे.

परिजनों ने बताया कि घटना से कुछ दिन पहले भी ममता के साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी. इस दौरान उसके सिर, माथे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं. मामले को लेकर मायके पक्ष ने रेहला थाना में शिकायत भी दर्ज कराई थी. हालांकि, आपसी समझौते के बाद ममता को दोबारा ससुराल भेज दिया गया था. परिजनों के मुताबिक, ममता की हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए वाराणसी ले जाया गया था. वहां कुछ दिनों तक उपचार कराने के बाद उसे वापस घर लाया गया, लेकिन उसकी सेहत में सुधार नहीं हुआ. इसी बीच तीन नवंबर को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई.

ममता की मौत की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग सदर अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट तैयार की. बताया जा रहा है कि रिपोर्ट में मृतका के पेट, पीठ और पैर पर चोट के निशान मिलने का उल्लेख है. इसके अलावा मुंह से खून आने की बात भी सामने आई है.

फिलहाल ममता की मौत कैसे हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है. इधर, मायके वालों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर पति और ससुर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.