Jharkhand

पलामू: तेज रफ्तार पिकअप ने स्कूटी को मारी टक्कर, युवक की मौके पर मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पलामू (PALAMU): जिले के हैदरनगर-मोहम्मदगंज मुख्य पथ पर रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. सबनवा गांव के समीप तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार डाली गांव निवासी शंभू राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई. वहीं, हादसे के बाद पिकअप वाहन का चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया, जिसके कारण ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा गया.

दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और फरार पिकअप चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हैदरनगर-मोहम्मदगंज मुख्य सड़क को जाम कर दिया. सड़क जाम होने के कारण मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया. ग्रामीणों का कहना था कि सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार हादसे का खतरा बना रहता है. घटना के बाद लोगों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और दुर्घटना के जिम्मेदार चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की. सड़क पर जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन में भी हलचल बढ़ गई.

जानकारी मिलते ही हैदरनगर और मोहम्मदगंज थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया. काफी देर तक चले समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद मुख्य मार्ग पर वाहनों का परिचालन दोबारा शुरू हो सका. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. साथ ही फरार पिकअप वाहन और उसके चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है. हादसे के बाद इलाके में तनाव और मातम का माहौल बना हुआ है.