Jharkhand

पलामू : 15 दिन से लापता महिला का जंगल में मिला कंकाल, कपड़ों से हुई पहचान

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पलामू (PALAMU): जिले के पांडू थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक और रहस्यमयी मामला सामने आया है. यहां 15 दिनों से लापता एक महिला का कंकाल जंगल से बरामद किया गया है. कंकाल मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

मृतका की पहचान पांडू थाना क्षेत्र के भटवलिया गांव निवासी सुनीता देवी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, सुनीता देवी 29 मई को घर से लकड़ी चुनने के लिए निकली थीं. वह अक्सर हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के लोहबंधा माहूर इलाके के जंगलों में लकड़ी बीनने जाया करती थीं. लेकिन उस दिन घर से निकलने के बाद वह वापस नहीं लौटीं. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. शुक्रवार को पांडू और हुसैनाबाद थाना क्षेत्र की सीमा से सटे जंगल में मवेशी चरा रहे ग्रामीणों को तेज दुर्गंध महसूस हुई. जब ग्रामीण उस दिशा में पहुंचे तो उन्होंने एक महिला का कंकाल देखा. इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई.

सूचना मिलने के बाद पांडू थाना पुलिस और मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे. परिजनों ने वहां मिले कपड़ों के आधार पर महिला की पहचान सुनीता देवी के रूप में की. पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. विश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीवी कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया कपड़ों के आधार पर पहचान की गई है. मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस परिजनों के आवेदन और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.