Jharkhand

पलामू : राजहरा रेल हादसे से थमा रेल परिचालन, 15 डिब्बे पटरी से उतरे, रांची-सासाराम समेत कई ट्रेनें रद्द

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पलामू (PALAMU): झारखंड के पलामू जिले स्थित राजहरा रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार को हुए बड़े रेल हादसे ने पूरे रेल नेटवर्क को प्रभावित कर दिया. कोयले से लदी एक मालगाड़ी के 15 डिब्बे पटरी से उतर जाने के बाद अप लाइन पर रेल परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया. हादसे के बाद रेलवे ने आधिकारिक बुलेटिन जारी कर कई ट्रेनों के रद्द होने और परिचालन प्रभावित होने की जानकारी दी है.

जानकारी के अनुसार, टोरी से मुगलसराय की ओर जा रही कोयला लदी मालगाड़ी राजहरा रेलवे स्टेशन के समीप पहुंची ही थी कि अचानक उसके 15 वैगन पटरी से उतर गए. डिब्बों के डिरेल होने से रेलवे ट्रैक को भारी नुकसान पहुंचा और अप लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही रोकनी पड़ी. घटना के बाद आसपास के स्टेशनों पर कई यात्री और मालगाड़ियां खड़ी कर दी गईं. हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी, इंजीनियरिंग और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई. रेलवे की ओर से युद्धस्तर पर राहत एवं बहाली कार्य शुरू कर दिया गया है. हाजीपुर जोन के वरिष्ठ अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है और लगातार स्थिति की निगरानी की जा रही है.

रेलवे द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, इस हादसे के कारण रांची-सासाराम इंटरसिटी एक्सप्रेस और डेहरी ऑन सोन पैसेंजर ट्रेन को रद्द कर दिया गया है. इसके अलावा कई अन्य ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ा है. कुछ ट्रेनों को रास्ते में रोक दिया गया है, जबकि कुछ के मार्ग में बदलाव किए जाने की संभावना पर विचार किया जा रहा है. टीआई अनिल कुमारी तिवारी और डाल्टनगंज स्टेशन प्रबंधक उमेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फिलहाल प्राथमिकता ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल कर सामान्य रेल परिचालन शुरू करने की है. साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है.

गौरतलब है कि राजहरा रेलवे स्टेशन धनबाद रेल मंडल के महत्वपूर्ण औद्योगिक मार्ग पर स्थित है, जहां से प्रतिदिन 100 से अधिक मालगाड़ियां और यात्री ट्रेनें गुजरती हैं. ऐसे में इस दुर्घटना का असर व्यापक स्तर पर देखने को मिल रहा है. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक बहाली के बाद ही परिचालन पूरी तरह सामान्य हो सकेगा.