Jharkhand

पलामू : विनीत तिवारी हत्याकांड के फरार आरोपी महाकाल पर पुलिस की पैनी नज़र, नए-नए हथकंडे अपना कर शिकंजा कसने की हो रही तैयारी

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पलामू (PALAMU): जिले के चर्चित विनीत तिवारी हत्याकांड में पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. न्यायालय के आदेश पर मामले में नामजद आरोपियों के घरों पर इश्तेहार चस्पा किया गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे हैं और बार-बार नोटिस के बावजूद अदालत में उपस्थित नहीं हो रहे थे.

जानकारी के अनुसार, प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल, राकेश तिवारी, रोशन तिवारी और प्रशांत तिवारी के खिलाफ न्यायालय से इश्तेहार जारी हुआ था. इसके बाद पुलिस टीम उनके आवासों पर पहुंची और विधि सम्मत प्रक्रिया के तहत इश्तेहार चस्पा किया. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि आरोपी निर्धारित समय के भीतर आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.

मामले की जांच के दौरान यह आशंका जताई जा रही है कि विनीत तिवारी को पहले सुनियोजित तरीके से अगवा किया गया और बाद में उनकी हत्या कर दी गई. जिस परिस्थिति में उनका शव बरामद हुआ, उसने पूरे मामले को और भी गंभीर बना दिया है. जांच एजेंसियां इस घटना के पीछे गहरी साजिश की संभावना से भी इनकार नहीं कर रही हैं.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और वारदात की पूरी सच्चाई को लेकर कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं. वहीं फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी भी जारी है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को आरोपियों के ठिकाने या गतिविधियों के बारे में कोई जानकारी मिले, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें. अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के कटघरे में लाया जाएगा.