PALAMU: पलामू में स्मार्ट पुलिसींग शुरू हो गई. जिले के कप्तान ने ग्रामीणों के साथ बेहतर समन्व और अपराधियों पर पैनी नजर रखने का निर्देश सभी थाना को दिया.एसपी के आदेश का अब जमीन पर असर दिखने लगा. इसकी शुरुआत मोहम्मदगंज थाना से की गई. जहां थाना प्रभारी नारायण सोरेन खुद जनता के बीच पहुंचे और चौपाल में बैठ कर जनता की बात को सुनी. साथ ही सभी पंचायत में बीट प्रभारी की नियुक्ति की है. जिससे पंचायत स्तर पर ही जनता के समस्या को हल किया जा सके.
पुलिस का ग्रामीणों से बेहतर समन्वय स्थापित करने और क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र की सभी पंचायतों में पंचायतवार बीट प्रभारी नियुक्त किए गए हैं. थाना प्रभारी के नेतृत्व में थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारियों को अलग-अलग पंचायतों की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
- एसआई मनोज मुंडा, भजनिया
- एएसआई प्रदुमन पासवान, सोनबरसा
- एसआई हरेंद्र प्रसाद, रसूलपुर
- मुद्दीन अंसारी, भाली
- एएसआई अनिल कुमार, बड़ांडा
- एएसआई बुडू उरांव, कादल
बताया गया कि कुछ पुलिस पदाधिकारी फिलहाल श्रावणी मेला ड्यूटी के लिए देवघर गए हुए हैं. ऐसी स्थिति में उनके क्षेत्र से सटी पंचायतों के बीट प्रभारियों को डबल प्रभार सौंपा गया है, ताकि पुलिसिंग व्यवस्था प्रभावित न हो.
पंचायतवार बीट प्रभारी नियुक्त करने का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान, आम लोगों के साथ बेहतर संवाद और पुलिस-जनता के बीच समन्वय को मजबूत करना है. इसके साथ ही बीट क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों पर नियमित नजर रखते हुए अपराध की रोकथाम और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी को भी प्राथमिकता दी जाएगी. पुलिस की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच और जवाबदेही दोनों बढ़ने की उम्मीद है.
