☰
Jharkhand

पलामू: विनीत तिवारी हत्याकांड में झांसी से दबोचा गया एक आरोपी, मुख्य साजिशकर्ता महाकाल अब भी फरार

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पलामू (PALAMU): पलामू के चर्चित विनीत तिवारी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. मामले में फरार चल रहे आरोपियों में से एक प्रशांत तिवारी को उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर लिया गया है. गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं, पुलिस अब इस मामले के मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.

बताते चलें कि 25 अप्रैल 2026 को विनीत तिवारी का उनके घर के पास से कथित रूप से अपहरण कर लिया गया था. इसके बाद उनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. इस सनसनीखेज वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे. मामले में प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल को मुख्य आरोपी माना जा रहा है, जबकि उसके बड़े भाई दिलीप तिवारी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. पुलिस को प्रशांत तिवारी की लोकेशन गुप्त सूचना के माध्यम से मिली. इसके बाद विशेष टीम ने झांसी में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे किए. पुलिस के अनुसार, प्रशांत ने स्वीकार किया कि घटना वाली रात चारों आरोपी नशे की हालत में थे. उन्होंने विनीत तिवारी को उनके घर के समीप से अगवा किया, फिर उनके साथ मारपीट की और गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी.

पूछताछ में यह भी सामने आया कि हत्या के अगले दिन पुलिस की कार्रवाई की सूचना मिलने के बाद सभी आरोपी अलग-अलग स्थानों पर छिप गए. कुछ समय तक वे जंगलों में रहे और बाद में प्रशांत उत्तर प्रदेश के झांसी भाग गया, जहां वह अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था. पलामू पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर मामले की आगे की जांच कर रही है. पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि मुख्य आरोपी सहित अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच में जुटी हुई है.