Jharkhand

पलामू : मां बनी अपनी ही बेटियों की कातिल, दो मासूमों को कुएं में फेंका, जानिए सनसनीख़ेज़ मामला

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पलामू (PALAMU): झारखंड के पलामू जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां नवाबाजार थाना क्षेत्र के कंडा गांव में एक महिला ने घरेलू विवाद के बाद अपनी दो मासूम बेटियों को कुएं में फेंक दिया. दोनों बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद महिला ने तीसरी बेटी को भी कुएं में धकेलने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह वहां से भाग निकली. बाद में महिला ने खुद भी कुएं में छलांग लगा दी. ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकाल लिया गया, जबकि पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है.

जानकारी के अनुसार, सरिता देवी का बुधवार रात अपने पति छोटेलाल प्रजापति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. विवाद के दौरान सरिता देवी ने अपनी सास की गोद में खेल रही एक बेटी को छीनकर कुएं में फेंक दिया. इसके बाद उसने दूसरी बेटी को भी उसी कुएं में धकेल दिया. वह तीसरी बेटी को भी कुएं में फेंकने जा रही थी, लेकिन बच्ची मौके से भागने में सफल रही. दोनों बच्चियों को कुएं में फेंकने के बाद सरिता देवी ने भी उसमें छलांग लगा दी. घटना के बाद तीसरी बेटी और परिवार के लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने महिला को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन दोनों बच्चियों को बचाया नहीं जा सका. बाद में उनके शव कुएं से बरामद किए गए.

ग्रामीणों का कहना है कि सरिता देवी और उसके पति के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता रहता था. उनका यह भी आरोप है कि परिवार में तीन बेटियां होने की वजह से सरिता देवी को ताने दिए जाते थे और उसे प्रताड़ित किया जाता था. नवाबाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला ने अपनी दो बेटियों को कुएं में फेंक दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. मृत बच्चियों प्रिया कुमारी और डॉली कुमारी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले की आगे की जांच जारी है.