पलामू (PALAMU): जिले से नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म का एक गंभीर मामला सामने आया है. उंटारी रोड थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश दीक्षित, अभय दीक्षित और सुबोध दीक्षित के रूप में की गई है. पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो टोटो और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं. रविवार को पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पीड़िता की शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना 29 अक्टूबर की रात की है. बताया जा रहा है कि नाबालिग बच्ची अपने प्रेमी से मिलने के लिए उंटारी रोड पहुंची थी. हालांकि, वहां पहुंचने पर उसका प्रेमी नहीं मिला. इसके बाद वह टोटो से अपने घर लौटने लगी. इसी दौरान रास्ते में सुनसान और अंधेरे जगह का फायदा उठाकर तीन आरोपियों ने कथित तौर पर उसे अपनी हवस का शिकार बनाया. घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस को आपबीती बताई, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल और इंस्पेक्टर सोनू चौधरी के नेतृत्व में पुलिस की विशेष छापेमारी टीम बनाई गई. टीम ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने घटना से जुड़े दो टोटो और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. बरामद सामान को जांच का हिस्सा बनाया गया है.
BNS, पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज
एसपी कपिल चौधरी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है. तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच में उपलब्ध साक्ष्यों और पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
