Jharkhand

पत्नी से लड़ाई क़े बाद युवक नें चलती ट्रैन क़े आगे लगा दिया छलांग, फिर जानिए क्या हुआ

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पलामू (PALAMU): शहर थाना क्षेत्र के रेड़मा ओवरब्रिज के नीचे रेलवे ट्रैक पर मंगलवार सुबह एक ऐसी घटना सामने आई जिसने इलाके में सनसनी फैला दी. यहाँ 25 वर्षीय एक युवक ने चलती ट्रेन के आगे अचानक कूद गया जिसमें उसके दोनों पैर कट गए और वह लहूलुहान होकर वहीं तड़पने लगा. घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ के एएसआई रणविजय सिंह अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल मेदनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है. हालांकि, चिकित्सकों के अनुसार अत्यधिक खून बह जाने के कारण युवक की स्थिति अब भी बेहद नाजुक बनी हुई है.

आपको बता दें, जांच और स्वजनों से मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के जमुने गांव निवासी विकास कुमार (25) के रूप में की गई है. परिजनों ने बताया कि सोमवार की रात किसी बात को लेकर विकास का अपनी पत्नी के साथ काफी तीखा विवाद हुआ था. इस घरेलू झगड़े के बाद से ही वह अत्यधिक मानसिक तनाव और अवसाद में आ गया था. इसी तनाव के चलते उसने मंगलवार की सुबह घर से निकलकर ऐसा खौफनाक और आत्मघाती कदम उठा लिया. घटना की खबर मिलते ही विकास के रोते-बिलखते परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं और डॉक्टरों की मदद से उसका जीवन बचाने के प्रयास में जुटे हैं.

इस घटना के बाद अस्पताल की पुलिस चौकी टीम ने भी सक्रियता दिखाई है. पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल के परिजनों से विस्तृत पूछताछ की है और मामले की तह तक जाने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि विवाद की मुख्य वजह क्या थी और क्या युवक को किसी प्रकार से उकसाया गया था. फिलहाल, डॉक्टरों की प्राथमिकता युवक की जान बचाना है, जबकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है.