Jharkhand

पलामू: हैदरनगर में देवी धाम के पास अचेत मिला व्यक्ति, अस्पताल पहुंचते ही हुई मौत

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पलामू (PALAMU): जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र से एक मामला सामने आया है जहां के देवी धाम के समीप पीपल के पेड़ के पास एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा मिला. स्थानीय लोगों की नजर जब उस व्यक्ति पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही हैदरनगर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और व्यक्ति को तत्काल इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद ले जाया गया. हालांकि अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है. घटना के बाद आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और व्यक्ति की पहचान को लेकर चर्चा शुरू हो गई.

हैदरनगर थाना प्रभारी तंजीलुल मन्नान मनौवर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि देवी धाम के पास पीपल के पेड़ के समीप एक व्यक्ति अचेत हालत में पड़ा हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बिना देरी किए उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. पुलिस के अनुसार, फिलहाल व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है. मृतक के पास से ऐसी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है, जिससे उसके परिजनों या निवास स्थान का पता लगाया जा सके. पुलिस अब मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास में जुटी है.

पुलिस ने स्थानीय लोगों और आसपास के ग्रामीणों से मृतक की पहचान में सहयोग करने की अपील की है. थाना की ओर से कहा गया है कि यदि किसी व्यक्ति को मृतक के बारे में कोई जानकारी हो या वह उसे पहचानता हो, तो तत्काल हैदरनगर थाना या नजदीकी थाना को सूचना दें. पुलिस मामले की जांच के साथ मृतक की पहचान और उसके परिजनों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. पहचान होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मृतक कहां का रहने वाला था और वह देवी धाम के पास किस परिस्थिति में पहुंचा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है.