Jharkhand

पलामू : 25 घंटे बाद मौत के गड्ढे से बाहर आया लवकुश, मची चीख-पुकार

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पलामू (PALAMU): हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के सोहया पहाड़ स्थित एक परित्यक्त माइंस के गहरे जलभराव वाले गड्ढे में डूबे युवक लवकुश कुमार का शव आखिरकार 25 घंटे बाद बरामद कर लिया गया. बुधवार को हुई इस दर्दनाक घटना के बाद से परिजन और ग्रामीण लगातार युवक की तलाश में जुटे थे, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था.

युवक के शव की बरामदगी में हो रही देरी को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश था. इसी के विरोध में लोगों ने बुधवार को सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई थी. ग्रामीणों की मांग थी कि युवक की तलाश के लिए तत्काल विशेष बचाव दल को बुलाया जाए. बाद में प्रशासन की ओर से एनडीआरएफ टीम बुलाने का आश्वासन दिए जाने के बाद आंदोलन समाप्त हुआ और सड़क जाम हटा लिया गया. गुरुवार सुबह बिहार की राजधानी पटना से एनडीआरएफ की टीम हुसैनाबाद के लिए रवाना हुई. हालांकि टीम के घटनास्थल तक पहुंचने से पहले ही एक अप्रत्याशित स्थिति सामने आई. माइंस के गहरे पानी में डूबा युवक का शव अचानक पानी की सतह पर तैरता दिखाई दिया. बताया जा रहा है कि एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर थी, तभी शव ऊपर आ गया.

शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर पहले से मौजूद अंचल अधिकारी पंकज कुमार और थाना प्रभारी चंदन कुमार तत्काल घटनास्थल पहुंचे. अधिकारियों ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया. इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है. ग्रामीणों ने एक बार फिर परित्यक्त और असुरक्षित खदानों को लेकर चिंता जताई है. उनका कहना है कि ऐसे जलभराव वाले गहरे गड्ढे लगातार लोगों की जान के लिए खतरा बने हुए हैं. फिलहाल प्रशासन मामले की आगे की कार्रवाई में जुटा हुआ है.