Jharkhand

पलामू:मामूली विवाद में आठ माह के बच्चें को उतारा मौत के घाट, माँ बाप गंभीर रुप से घायल 

Samir Hussain
सीनियर रिपोर्टर
पलामू:मामूली विवाद में आठ माह के बच्चें को उतारा मौत के घाट, माँ बाप गंभीर रुप से घायल 

पलामू: पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र स्थित बिंदु बिगहा गांव में मामूली विवाद देखते ही देखते खुनी संघर्ष में बदल गया.गुस्से में युवक ने धारदार हथियार से एक ही परिवार पर हमला कर दिया, जिसमें आठ माह के मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए.घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश का माहौल है.घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया.

जानकारी के अनुसार, बिंदु बिगहा गांव निवासी चितरंजन पासवान का किसी बात को लेकर दीपक पासवान के परिवार से विवाद हो गया.विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने धारदार हथियार से दीपक पासवान, उनकी पत्नी कृपा देवी और उनकी गोद में मौजूद आठ माह के बच्चे पर हमला कर दिया. हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए.

घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने आठ माह के मासूम को मृत घोषित कर दिया.वहीं कृपा देवी और दीपक पासवान की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.चिकित्सक डॉ. राकेश रंजन के अनुसार दीपक पासवान की हालत चिंताजनक बनी हुई है.

घटना की सूचना मिलते ही हैदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चितरंजन पासवान को गिरफ्तार कर लिया. थाना प्रभारी तंजीलुल मनान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मामूली कहासुनी के बाद आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर दिया. इस हमले में आठ माह के बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हैं.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है. आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.