Jharkhand

पलामू: जंगल में महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

Rashmi Prasad  CE
Rashmi Prasad CE
Copy Editor

पलामू (PALAMU): जिले के थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आया है जहां डगड़गवाटांड़ जंगल से एक 45 वर्षीय महिला का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान नौडीहा थाना क्षेत्र के शाहपुर पंचायत स्थित सतबरवा गांव निवासी लालो देवी के रूप में हुई है. सूचना मिलने के बाद नौडीहा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की. शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए.

इस घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई जहां नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि लालो देवी, उमेश यादव की पहली पत्नी थीं. वह पिछले कई वर्षों से बिहार के बकरीडीह स्थित अपने मायके में रह रही थीं. घटनास्थल से पुलिस ने कई सामान बरामद किए हैं, जिनमें सल्फास का एक डिब्बा, एक बड़ा मोबाइल फोन, चप्पल, पॉलिथीन में रखी लौकी, करेला, भिंडी, सब्जी के बीज और मिठाई शामिल हैं. पुलिस इन सभी बरामद वस्तुओं को जांच का अहम हिस्सा मानते हुए उनके आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.

इधर, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है. थाना प्रभारी के अनुसार, फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला गया है. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और मृतका के परिजनों व अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई. फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.

TagsCRIME