☰
Jharkhand

पलामू: घर के कमरे में बेड पर मिला 43 वर्षीय महिला का शव, सिर पर चाकू से किया गया 6 बार वार, जांच में जुटी पुलिस

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पलामू (PALAMU): शहर थाना क्षेत्र के नावाटोली मोहल्ले में एक महिला की निर्मम हत्या करदी गई. 43 वर्षीय साधना सिंह का शव गुरुवार को उनके ही घर के कमरे में बेड पर पड़ा मिला. शुरुआती जांच में महिला के सिर पर चाकू से पांच से छह बार हमला किए जाने के निशान मिले हैं. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. वहीं, परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक, साधना सिंह के पति आकाश कुमार जमशेदपुर में नौकरी करते हैं. गुरुवार सुबह घर में रहने वाले एक किरायेदार पानी की टंकी भरने के लिए मोटर चालू करने ऊपर पहुंचा था. इस दौरान काफी देर तक साधना के कमरे से बाहर नहीं निकलने पर उसे संदेह हुआ. कमरे का दरवाजा बंद मिलने पर उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी. बाद में जब कमरे में जाकर देखा गया तो साधना बेड पर मृत अवस्था में पड़ी थीं. उनके सिर पर धारदार हथियार से हमले के निशान मौजूद थे.

मृतका की बड़ी बहन संध्या कुमारी और पति आकाश कुमार ने राजा अंसारी उर्फ यूनुस पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है. परिजनों के अनुसार, राजा पहले भी साधना को जान से मारने की धमकी दे चुका था. उनका दावा है कि तीज पर्व से दो-तीन दिन पहले भी उसने फोन कर साधना को धमकाया था. बताया जा रहा है कि मृतका और आरोपी बताए जा रहे संदिग्ध के बीच पिछले करीब दो वर्षों से जान-पहचान थी.

घटना की सूचना मिलने के बाद शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की और मामले की छानबीन की. इस दौरान राजा अंसारी को हिरासत में लिया गया है. फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटना में उसकी संलिप्तता की जांच की जा रही है.