पलामू (PALAMU): जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र स्थित तेनुडीह गांव में एक 19 वर्षीय युवक का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला है. मृतक की पहचान गांव निवासी ओमप्रकाश कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुट गई है. शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक ने आत्महत्या की है या उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया है.
जानकारी के मुताबिक, ओमप्रकाश करीब तीन से चार बजे के बीच घर से शौच जाने की बात कहकर निकला था. देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई. काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिवार और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान गांव के पास एक पेड़ से उसका शव लटका हुआ मिला. घटना की सूचना मिलते ही छतरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. शनिवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की.
पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं, मृतक के परिजनों ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है. अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि युवक की मौत के पीछे आत्महत्या की वजह थी या फिर यह किसी सुनियोजित अपराध का परिणाम.
