Jharkhand

पलामू: तालाब से महिला और डेढ़ साल के बच्चे का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

पलामू(PALAMU): जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र से एक घटना सामने आई है जहां किन्नी पीपर ढाबा के पास स्थित तालाब से एक महिला और उसके डेढ़ साल के मासूम बच्चे का शव बरामद किया गया है. मृतका की पहचान रंजू देवी, पति अरुण महतो के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि रंजू देवी अपने बच्चे के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित तालाब के पास गई थीं. इसी दौरान दोनों के गहरे पानी में डूबने की बात सामने आई है. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और इसकी सूचना तत्काल चैनपुर थाना पुलिस को दी गई.

सूचना मिलने के बाद चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को तालाब से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक परिजनों का कहना है कि रंजू देवी बच्चे के साथ शौच के लिए तालाब के पास गई थीं. इसी दौरान संभवत: पैर फिसलने या किसी अन्य कारण से दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई. हालांकि घटना की वास्तविक वजह को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है. पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है.

पुलिस अब पता लगाने में जुट गई है कि महिला और बच्चे की मौत वास्तव में हादसे में हुई है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है. आत्महत्या या हत्या की आशंका को भी पूरी तरह खारिज नहीं किया गया है. पुलिस सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है. इसके साथ ही घटनास्थल की परिस्थितियों और परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी. फिलहाल महिला और मासूम बच्चे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है.