Jharkhand

पलामू: हैवानियत की हद पार! गर्भवती महिला को इस कदर पीटा की कोख में पल रहे बच्चे की हो गई मौत

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पलामू (PALAMU): हैदरनगर थाना क्षेत्र में क्रूरता की सारी हद पार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहँ गर्भवती महिला के साथ कथित मारपीट के बाद उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पीड़िता 24 वर्षीय रुखसाना खातून का आरोप है कि पड़ोसियों ने उनके घर में घुसकर मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं. 

ऐसे में घटना के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और समय से पहले प्रसव हो गया. परिजनों का दावा है कि गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हुई. मामले को लेकर हैदरनगर बाजार के समीप सदाबह नदी किनारे रहने वाली जुलेखा बीबी ने थाना में शिकायत दर्ज कराई है. आवेदन के अनुसार पड़ोस के कुछ लोग घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने लगे. आरोप है कि इसी दौरान गर्भवती रुखसाना खातून को भी निशाना बनाया गया.

घटना के बाद परिजन घायल महिला को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल ले गए. चिकित्सकों ने जांच के दौरान गर्भस्थ शिशु की हालत गंभीर बताई. बाद में मृत शिशु का प्रसव कराया गया. शिशु के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेजा गया है. शिकायत में यह भी कहा गया है कि हमलावरों ने रुखसाना के पिता शहाबुद्दीन राइन के साथ भी मारपीट की. आरोप है कि उन्हें जबरन खेत की ओर ले जाकर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई. परिवार की अन्य महिलाओं के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है.

फिलहाल रुखसाना खातून अस्पताल में भर्ती हैं. डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत में सुधार हो रहा है, लेकिन घटना के बाद वह मानसिक और शारीरिक रूप से काफी आहत हैं. हैदरनगर थाना प्रभारी तंजीमुल मन्नान ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है. प्रारंभिक जानकारी में दोनों पक्षों के बीच पुराने विवाद की बात भी सामने आई है, लेकिन जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.