पलामू (PALAMU): झारखंड के पलामू जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र से एक युवती के साथ कथित धोखाधड़ी, पहचान छिपाने, शादी का झांसा देकर शोषण और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है. उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के सैफई की रहने वाली और एक निजी ई-कॉमर्स कंपनी में कार्यरत युवती ने आरोप लगाया है कि मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के कररिया गांव निवासी युवक ने अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर खुद को राजपूत बताया, शादी का भरोसा दिलाया और लंबे समय तक उसका शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण किया. प्रताड़ना से तंग आकर युवती शुक्रवार सुबह करीब छह किलोमीटर पैदल चलकर मोहम्मदगंज थाना पहुंची और पुलिस से सुरक्षा व न्याय की गुहार लगाई.
पीड़िता के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले उसकी आरोपी युवक से इंस्टाग्राम के माध्यम से जान-पहचान हुई थी. युवक ने अपना नाम 'राजा' बताते हुए खुद को राजपूत समुदाय का बताया. बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती और फिर रिश्ते में बदल गई. युवती का आरोप है कि शादी का वादा कर आरोपी ने उसका विश्वास जीता और इसी दौरान उसके निजी फोटो और वीडियो भी बना लिए.
युवती का कहना है कि बाद में उसे पता चला कि आरोपी ने अपनी असली पहचान छिपाई थी. जब उसने उससे दूरी बनाने की कोशिश की, तो आरोपी कथित तौर पर उन्हीं निजी तस्वीरों और वीडियो के आधार पर उसे ब्लैकमेल करने लगा. पीड़िता ने आरोप लगाया कि वह लगातार मानसिक दबाव बनाकर संबंध बनाए रखने के लिए मजबूर करता रहा. पीड़िता के मुताबिक, जब उसके परिवार को पूरे मामले की जानकारी मिली तो सामाजिक कारणों से उन्होंने भी उसे घर आने से मना कर दिया. इसके बाद वह अपने निजी फोटो और वीडियो वापस लेने के उद्देश्य से गुरुवार शाम आरोपी के गांव कररिया पहुंची. आरोप है कि वहां आरोपी और उसके परिजनों ने उसे रातभर घर के बाहर रखा, उसके साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन तथा लैपटॉप भी छीन लिया.
युवती का दावा है कि आरोपी ने उससे अपमानजनक बातें कहीं और संबंध खत्म करने की बात कही. किसी तरह शुक्रवार सुबह वह वहां से निकलने में सफल रही और करीब छह किलोमीटर पैदल चलकर मोहम्मदगंज थाना पहुंची. वहां उसने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. पीड़िता ने यह भी कहा कि उसे उम्मीद है कि झारखंड पुलिस निष्पक्ष जांच कर उसे न्याय दिलाएगी और उसका छीना गया सामान भी वापस दिलाया जाएगा. इधर, मोहम्मदगंज थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवती की शिकायत दर्ज कर ली है. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
