पलामू (PALAMU): जिले में एक महिला की निर्मम हत्या से इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. दरअसल बीते बुधवार की रात शहर के नावाटोली मोहल्ले में घर के अंदर 43 वर्षीय साधना सिंह का शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं. शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला के सिर पर चाकू से पांच से छह बार वार कर उनकी हत्या की गई है. पुलिस को इस वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका है. मामले में एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. वहीं, मृतका की बहन ने एक युवक पर धमकी देने का आरोप लगाया है.
जानकारी के अनुसार, साधना सिंह नावाटोली स्थित अपने मकान में अकेली रहती थीं. बुधवार देर रात उनकी हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, घटना का खुलासा गुरुवार सुबह करीब 11 बजे के बाद हुआ. बताया जाता है कि मकान में रहने वाले किराएदार मोटर चालू कराने के लिए साधना सिंह को लगातार फोन कर रहे थे. कई बार कॉल करने के बावजूद जब उन्होंने फोन नहीं उठाया, तो किराएदारों को किसी अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद उन्होंने घर का दरवाजा तोड़ा. अंदर पहुंचते ही उन्होंने साधना सिंह को मृत अवस्था में पाया. उनके सिर पर चाकू से कई वार किए जाने के निशान थे. इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए. शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद हत्या की वजह हो सकता है. इसी सिलसिले में पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है. हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के कारणों और आरोपी की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
बहन ने युवक पर लगाया धमकी देने का आरोप
इस हत्याकांड में मृतका की बड़ी बहन संध्या कुमारी ने कई अहम जानकारियां दी हैं. उनका आरोप है कि साधना सिंह का राजा अंसारी उर्फ यूनुस अंसारी नामक युवक से संबंध था. बताया जाता है कि युवक प्लंबर का काम करता था. संध्या कुमारी के मुताबिक, युवक उनकी बहन को लगातार धमकियां देता था. अगस्त महीने में तीज के दौरान दोनों के बीच विवाद भी हुआ था. बहन के इन आरोपों के बाद पुलिस इस पूरे घटनाक्रम को भी जांच के दायरे में रख रही है.
पति जमशेदपुर में करते हैं नौकरी, बेटी बाहर रहकर करती है पढ़ाई
बताया जा रहा है कि साधना सिंह के पति जमशेदपुर में नौकरी करते हैं, जबकि उनकी बेटी भी बाहर रहकर पढ़ाई कर रही है. घटना के समय घर में साधना सिंह अकेली थीं. यही वजह रही कि वारदात के बाद काफी देर तक किसी को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी. घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन जमशेदपुर से पलामू के लिए रवाना हो गए हैं. परिवार में मातम का माहौल है.
खोजी कुत्ते की मदद से जुटाए जा रहे सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है. घटनास्थल और आसपास के इलाकों में खोजी कुत्ते की मदद से सुराग तलाशे जा रहे हैं. पुलिस हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ के साथ वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है. फिलहाल पुलिस प्रेम प्रसंग, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की आगे की जांच के बाद ही साधना सिंह की हत्या की पूरी वजह सामने आ सकेगी.
