Jharkhand

धान की फसल पर संकट, उत्तर कोयल मुख्य नहर में पानी नहीं छोड़े जाने पर भड़के सूर्या सोनल सिंह, सरकार से की तत्काल कार्रवाई की मांग

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
धान की फसल पर संकट, उत्तर कोयल मुख्य नहर में पानी नहीं छोड़े जाने पर भड़के सूर्या सोनल सिंह, सरकार से की तत्काल कार्रवाई की मांग

पलामू (PALAMU): धान की बुवाई के महत्वपूर्ण समय में उत्तर कोयल मुख्य नहर में अब तक पानी नहीं छोड़े जाने को लेकर भाजपा युवा नेता सूर्या सोनल सिंह ने गहरी चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण किसान सिंचाई के लिए पूरी तरह उत्तर कोयल मुख्य नहर पर निर्भर हैं, लेकिन अब तक नहर में पानी नहीं पहुंचने से किसानों की परेशानी लगातार बढ़ रही है.

सूर्या सोनल सिंह ने कहा कि वर्तमान समय धान की खेती के लिए बेहद अहम है. यदि समय पर खेतों तक पानी नहीं पहुंचा, तो हजारों किसानों की फसल प्रभावित हो सकती है. उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की जरूरतों को नजरअंदाज किया जा रहा है, जबकि मोहम्मदगंज बैराज में उपलब्ध अतिरिक्त पानी को नहर के बजाय वापस कोयल नदी में छोड़ा जा रहा है. उनका कहना है कि इस पानी का उपयोग हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र के किसानों की सिंचाई के लिए किया जा सकता है.

उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही उत्तर कोयल मुख्य नहर में पानी नहीं छोड़ा गया, तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा. ऐसे समय में जब किसान अपनी पूरी उम्मीद खेती पर लगाए बैठे हैं, सिंचाई की व्यवस्था में देरी उनके लिए बड़ी मुश्किल खड़ी कर सकती है. भाजपा युवा नेता ने जिला प्रशासन, उत्तर कोयल सिंचाई परियोजना के अधिकारियों और मुख्यमंत्री से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है. उन्होंने मांग की कि किसानों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बिना किसी विलंब के मुख्य नहर में पानी छोड़ा जाए, ताकि खेतों तक समय पर सिंचाई का पानी पहुंच सके.

सूर्या सोनल सिंह ने कहा कि खेती का मौसम किसी का इंतजार नहीं करता. यदि निर्णय लेने में और देरी हुई तो इसका सीधा असर हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र के हजारों किसानों की धान की फसल पर पड़ेगा. उन्होंने प्रशासन से संवेदनशीलता दिखाने और तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि समय पर सिंचाई की व्यवस्था सुनिश्चित करना किसानों के हित में बेहद जरूरी है.