पलामू(PALAMU): कहते हैं कि प्रतिभा किसी पहचान या बड़े शहर की मोहताज नहीं होती. अगर मेहनत और लगन हो तो छोटे से गांव से निकलकर भी दुनिया में अपनी पहचान बनाई जा सकती है. ऐसा ही कुछ कर दिखाया है पलामू के हैदरनगर निवासी अभय कुमार ने. AK सिंह कॉलेज, जपला के इस छात्र ने अपनी उपलब्धि से न केवल कॉलेज, बल्कि पूरे झारखंड का नाम रोशन किया है.
नासा की ओर से मिला आधिकारिक प्रमाण-पत्र
अभय कुमार नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय, मेदिनीनगर से संबद्ध AK सिंह कॉलेज में भूगोल प्रतिष्ठा के सत्र 2024-28 के छात्र हैं. इसके साथ ही वह राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवक भी हैं. उनकी शोध संबंधी उपलब्धि को अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के विज्ञान मिशन निदेशालय की ओर से सम्मानित किया गया है.
कॉलेज से मिली जानकारी के अनुसार, अभय को उनकी शोध योग्यता और वैज्ञानिक मूल्यांकन से जुड़ी प्रक्रियाओं में सफलता के बाद उपलब्धि प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया है. इस प्रमाण-पत्र पर नासा के विज्ञान मिशन निदेशालय की सहायक प्रशासक डॉ. निकोला फॉक्स के हस्ताक्षर भी दर्ज हैं. उनकी इस उपलब्धि को अंतरराष्ट्रीय शोधकर्ता पहचान प्रणाली पर भी सत्यापित किए जाने की जानकारी दी गई है.
पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर दिखा चुके हैं प्रतिभा
यह पहली बार नहीं है, जब अभय ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है. इससे पहले वह अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी से जुड़ी एक राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के शीर्ष 30 चयनित युवाओं में जगह बना चुके हैं. इस उपलब्धि के जरिए उन्होंने विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में अपनी रुचि और क्षमता दिखाई थी.
कॉलेज में खुशी का माहौल
अभय की सफलता से AK सिंह कॉलेज में खुशी का माहौल है. कॉलेज के शासी निकाय के सचिव प्रफुल्ल कुमार सिंह, सांसद एवं शासी निकाय के अध्यक्ष विष्णु दयाल राम, प्राचार्य डॉ. राम सुभग सिंह, भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो. मुकेश कुमार सहित अन्य शिक्षकों और पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई दी है. ग्रामीण परिवेश और सरकारी स्कूल से पढ़ाई शुरू करने वाले अभय की इस उपलब्धि को क्षेत्र के दूसरे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है. कॉलेज प्रबंधन ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.