Jharkhand

रेल यात्रियों को बड़ा झटका! पलामू रूट की 14 ट्रेनें रद्द, 16 एक्सप्रेस ट्रेनों का बदला गया रास्ता

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पलामू (PALAMU): पलामू और आसपास के जिलों से रेल यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है. भारतीय रेलवे ने सोन नगर–पतरातू रेलखंड पर चल रहे थर्ड लाइन निर्माण कार्य के कारण 22 जून से 28 जून तक कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव का फैसला लिया है. इस दौरान 14 पैसेंजर ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द कर दिया गया है, जबकि 16 एक्सप्रेस ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जाएगा. रेलवे के इस निर्णय का असर हजारों यात्रियों पर पड़ने की संभावना है.

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, सोन नगर–पतरातू सेक्शन में तीसरी रेल लाइन का निर्माण अंतिम चरण में है. फिलहाल छिपादोहर और मंगरा स्टेशन के बीच नई लाइन को मुख्य रेल नेटवर्क से जोड़ने का काम किया जा रहा है. इसी वजह से कुछ दिनों के लिए ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है. रेलवे का दावा है कि परियोजना पूरी होने के बाद इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुगम होगी और माल ढुलाई क्षमता में भी बढ़ोतरी होगी.

कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें डायवर्ट
22 जून से 27 जून के बीच कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से संचालित किया जाएगा. इनमें विशाखापट्टनम-वाराणसी एक्सप्रेस, धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस, हटिया-नई दिल्ली गरीब रथ, टाटा-जम्मूतवी एक्सप्रेस, संबलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस, जम्मूतवी-हावड़ा एक्सप्रेस, शक्तिपुंज एक्सप्रेस, रांची-वाराणसी इंटरसिटी, नई दिल्ली-रांची राजधानी और आनंद विहार-हटिया एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं. इन ट्रेनों को गढ़वा रोड, डेहरी ऑन सोन, बरकाकाना और चोपन मार्ग से चलाया जाएगा.

स्थानीय यात्रियों की बढ़ी परेशानी
निर्माण कार्य के चलते 14 पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित रहेगा. पलामू क्षेत्र की महत्वपूर्ण ट्रेन रांची-सासाराम एक्सप्रेस 23 जून से 27 जून तक रद्द रहेगी. इसके अलावा बरकाकाना-डेहरी ऑन सोन, बरवाडीह-डेहरी ऑन सोन, बरवाडीह-चोपन, गोमो-बरवाडीह और बरकाकाना-वाराणसी पैसेंजर समेत कई लोकल ट्रेनों की सेवाएं भी निर्धारित अवधि तक बंद रहेंगी. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके.