Jharkhand

पलामू पुलिस में बड़ा फेरबदल: 175 SI-ASI के तबादले, जानिए किस थाने को मिला नया प्रभारी

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

पलामू (PALAMU): पलामू पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. जिले के करीब 175 सब-इंस्पेक्टर (SI) और सहायक अवर निरीक्षक (ASI) का तबादला किया गया है. इस बदलाव के तहत राजेश रंजन को तरहसी थाना का नया थाना प्रभारी बनाया गया है. इससे पहले वह पांकी थाना के प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं.

कई थानों और शाखाओं में बदले गए अधिकारी
जारी आदेश के अनुसार रुद्रनानंद सरस को जिले का नया ट्रैफिक प्रभारी बनाया गया है. उन्होंने सत्येंद्र दुबे का स्थान लिया है. वहीं चंद्रशेखर यादव को किशुनपुर ओपी का प्रभारी और बिरेंद्र मेहता को दंगवार ओपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसके अलावा कई अन्य थाना और पुलिस शाखाओं में भी अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है. बताते चलें कि तरहसी थाना के तत्कालीन प्रभारी आनंद कुमार को वाहन छोड़ने के एवज में कथित रूप से पैसे मांगने के आरोप में पलामू एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया था. उनके हटने के बाद से तरहसी थाना प्रभारी का पद खाली था, जिसे अब राजेश रंजन की नियुक्ति से भर दिया गया है.

पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि पिछले दो वर्षों से जिले के विभिन्न थानों, ओपी और शाखाओं में कार्यरत पुलिस पदाधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है. उन्होंने कहा कि इस व्यापक फेरबदल का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना, प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाना और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना है. पुलिस विभाग का मानना है कि नई तैनातियों से थानों के कामकाज में गति आएगी और आम लोगों को बेहतर पुलिसिंग का लाभ मिलेगा.