पलामू (PALAMU): जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत छतरपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 9.660 किलो अफीम जब्त की है. इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें एक आरोपी बिहार के गयाजी जिले का रहने वाला है.
पुलिस ने आरोपियों के पास से अफीम के अलावा एक बाइक, मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन भी बरामद की है.
गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस के मुताबिक सोमवार की रात एसपी को अफीम की तस्करी से जुड़ी गुप्त सूचना मिली थी. जानकारी की जांच करने के बाद छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई.
टीम ने छतरपुर-जपला मुख्य मार्ग पर करमा चराई रोड स्थित पथलगढ़ा के पास वाहनों की जांच शुरू की. इसी दौरान तेज रफ्तार से एक बाइक आती दिखाई दी. पुलिस को देखकर बाइक सवार ने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने उसे पकड़ लिया.
बाइक की डिक्की से मिली 2.660 किलो अफीम
पुलिस ने बाइक की तलाशी ली तो उसकी डिक्की में दो काले प्लास्टिक के पैकेट मिले. जांच करने पर इनमें 2.660 किलो अफीम बरामद हुई.
पकड़े गए आरोपी ने अपनी पहचान रंजन रजक के रूप में बताई. पुलिस के अनुसार वह बिहार के गयाजी जिले के डुमरिया इलाके का रहने वाला है.
दूसरे ठिकाने से मिली 7 किलो अफीम
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर छतरपुर थाना क्षेत्र के मंझौली गांव में दयानंद प्रसाद के घर छापेमारी की. तलाशी के दौरान वहां से सात किलो अफीम बरामद की गई. इस तरह पूरी कार्रवाई में पुलिस ने कुल 9.660 किलो अफीम जब्त की.
एसडीपीओ प्रशांत कुमार के मुताबिक पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था. इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की पहचान के साथ उनके संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी की जा रही है.