Jharkhand

पलामू में नकली शराब का बड़ा खेल बेनकाब! मेडिकल कॉलेज के पास घर से मिले ब्रांडेड स्टिकर और ढक्कनों का जखीरा

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
पलामू में नकली शराब का बड़ा खेल बेनकाब! मेडिकल कॉलेज के पास घर से मिले ब्रांडेड स्टिकर और ढक्कनों का जखीरा

पलामू (PALAMU): पलामू में अवैध शराब के कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है. सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल के पास एक घर में पुलिस की छापेमारी के दौरान ब्रांडेड शराब के नकली स्टिकर, बोतलों के ढक्कन और शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले कई सामान बरामद किए गए हैं. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि इस सामग्री का इस्तेमाल नकली शराब तैयार कर उसे नामी ब्रांड के नाम पर बाजार में बेचने के लिए किया जाता था.

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके के एक मकान में अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियां संचालित हो रही हैं. सूचना के आधार पर सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में विभिन्न ब्रांडों के शराब के स्टिकर और बोतलों के ढक्कन बरामद किए गए.

थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से संकेत मिले हैं कि बरामद सामान को किसी दूसरे स्थान पर पहुंचाने की तैयारी थी. आशंका है कि नकली शराब का निर्माण किसी अन्य गुप्त ठिकाने पर किया जाता था, जबकि यहां केवल पैकेजिंग से जुड़ी सामग्री रखी गई थी.

पुलिस के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क के पीछे सक्रिय तस्कर फिलहाल फरार हैं. उनकी तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और संभावित ठिकानों पर भी नजर रखी जा रही है. मामले में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए तकनीकी और स्थानीय स्तर पर जांच तेज कर दी गई है.

पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है. बरामद सामग्री की जांच के साथ-साथ यह भी पता लगाया जा रहा है कि नकली शराब की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जाती थी. अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे रैकेट का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.