पलामू (PALAMU): हैदरनगर में रविवार को अग्रवाल समाज ने महाराजा अग्रसेन जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई. इस अवसर पर समाज के महिला, पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए. पीले वस्त्रों में सजे समाज के लोगों ने हाथों में महाराजा अग्रसेन का ध्वज लेकर भव्य शोभायात्रा निकाली. डीजे और पारम्परिक बैंड की धुन पर निकली शोभायात्रा से बाजार का माहौल भक्तिमय हो गया. कार्यक्रम की शुरुआत प्राचीन शिव मंदिर से हुई. यहां समाज के लोग एकत्रित हुए और खाटू श्याम जी तथा महाराजा अग्रसेन की झांकी के साथ शोभायात्रा निकाली.
रथ पर विराजमान खाटू श्याम जी की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही. शोभायात्रा बाजार के विभिन्न मार्गों से होते हुए रेलवे गुमटी के समीप स्थित सिद्धिविनायक होटल पहुंची. रास्ते भर श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शोभायात्रा में शामिल रहे. इस बीच श्री राम जानकी मंदिर के समीप सांसद प्रतिनिधि डा अजय जायसवाल ने स्वागत किया व जलपान की व्यवस्था की. शोभा यात्रा के समापन पर सिद्धिविनायक होटल परिसर में महाराजा अग्रसेन के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया. समाज के लोगों ने उनके जीवन, विचारों और योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया.
इसके बाद सामूहिक प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया. कार्यक्रम के माध्यम से समाज के लोगों ने आपसी मेलजोल, एकता और भाईचारे का संदेश दिया. अग्रवाल समाज के पंकज लाल अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जयंती जैसे आयोजन समाज को एक मंच पर लाकर आपसी जुड़ाव को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को उनके विचारों व आदर्शों से परिचित कराने का अवसर देते हैं. वहीं, समाज के अध्यक्ष ओम लाल अग्रवाल ने कहा कि हैदरनगर में पिछले वर्ष से महाराजा अग्रसेन जयंती धूमधाम से मनाई जा रही है.
आयोजन में समाज के सभी लोग मिल -जुलकर हिस्सा लेते हैं, जिससे आपसी समरसता और एकता मजबूत होती है. उन्होंने सभी लोगों से महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को अपनाने और समाजहित में मिलकर काम करने का आह्वान किया. कार्यक्रम में मुखिया संतोष कुमार सिंह, समाजसेवी मुकेश मेहता, अध्यक्ष ओम लाल अग्रवाल, सचिव पंकज अग्रवाल, अनिल लाल अग्रवाल, कृष्णा अग्रवाल, सुदर्शन अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल, पप्पू अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल, अमन अग्रवाल, जितेंद्र अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, पवन अग्रवाल और मोहन अग्रवाल सहित सैकड़ों महिला-पुरुष शामिल हुए.
