पलामू (PALAMU): जिले से ऐसी खबर सामने आई है जिसे सुनकर आप हैरान हो जाएंगे. बिहार में शराब पूरी तरह बंद है लेकिन उसके बावजूद शराब की तस्करी की खबरे सामने आ रही है. ऐसे में बिहार में शराबबंदी के बावजूद झारखंड से शराब की तस्करी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. तस्कर ऐसे ऐसे तरीकों से शराब पहुंचा रहे है जिसे देखकर हैरानी होती है. दरअसल, ताज़ा मामला पलामू से आया है जहां तस्करों ने शराब की खेप को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए नया तरीका अपनाया था. फल की पेटियों में शराब छिपाकर बस के माध्यम से बिहार ले जाया जा रहा था. हालांकि, पड़वा पुलिस की सतर्कता से तस्करों की यह कोशिश नाकाम हो गयी.
जानकारी के अनुसार, डालटनगंज से बिहार की ओर जा रही एक बस में शराब की खेप ले जाये जाने की गुप्त सूचना पड़वा पुलिस को मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बस को रोककर तलाशी अभियान चलाया. तलाशी के दौरान फल की पेटियों में छिपाकर रखी गयी शराब बरामद की गयी. पुलिस की इस कार्रवाई से बस में मौजूद यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. बताया जाता है कि बस में यात्रियों की काफी भीड़ थी. इसी भीड़ का फायदा उठाकर शराब तस्करी में शामिल व्यक्ति पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गया. पुलिस ने शराब की खेप को अपने कब्जे में ले लिया है. फरार तस्कर की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के लिए छानबीन की जा रही है.इस कार्रवाई ने एक बार फिर शराब तस्करों के बदलते तौर-तरीकों को उजागर किया है.
अब तस्कर पुलिस की नजरों से बचने के लिए सामान और फल की पेटियों की आड़ में शराब की खेप दूसरे राज्यों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुट गई है की शराब तस्करों का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसके पीछे कौन शामिल है. इस मामले को लेकर पुलिस लगातार लोगों से पूछताछ और छापेमारी कर रही है.
