Jharkhand

पलामू में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रुप, धारधार हथियार से युवर पर हमला, हालत गंभीर

Varsha Varma CE
Varsha Varma CE
Copy Editor

पलामू(PALAMU):  जिले के मड़वा गांव में भूमि विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद मारपीट हुई. इस हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

भूमि विवाद को लेकर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. इसी दौरान एक पक्ष के गणेश साव पर कथित रूप से तलवार, लाठी और डंडों से हमला कर दिया गया. हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनके सिर पर गहरा जख्म हो गया. घटना के बाद घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

घायल गणेश साव ने आरोप लगाया है कि पुराने भूमि विवाद और आपसी रंजिश के कारण कृष्णमुरारी साव, विजय साव और उनके परिवार के अन्य सदस्यों ने मिलकर उन पर हमला किया. उनके अनुसार, आरोपियों ने पहले से योजना बनाकर रास्ते में घेर लिया और फिर धारदार हथियार तथा लाठी-डंडों से हमला कर दिया. हमले के दौरान वे गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर से काफी खून बहने लगा.

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली. उनका दावा है कि चेन करीब एक भर वजन की थी, जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपये के आसपास है. घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.

गणेश साव किसी तरह हमलावरों के चंगुल से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे. घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल बना हुआ है. मामले को लेकर पीड़ित पक्ष ने छतरपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है. पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है