पलामू (PALAMU): मेदिनीनगर में आगामी 4 नवंबर को भाजपा की ओर से आयोजित होने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को सफल बनाने के लिए पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में हुसैनाबाद में पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह के आवासीय कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता ग्रामीण मंडल अध्यक्ष राजीव रंजन ने की, जबकि संचालन योगेंद्र सिंह ने किया.
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता और उनकी गरिमा बनाए रखने पर निर्भर करती है. चुनाव में हार-जीत लोकतांत्रिक व्यवस्था का स्वाभाविक हिस्सा है, लेकिन अपनी राजनीतिक विफलताओं के लिए संवैधानिक संस्थाओं को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है. उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को चुनाव आयोग पर सवाल उठाने के बजाय अपनी चुनावी हार के कारणों पर आत्ममंथन करना चाहिए.
कमलेश सिंह ने कहा कि वर्तमान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने वर्ष 2025 में पदभार ग्रहण किया है, जबकि कांग्रेस की चुनावी हार का सिलसिला इससे काफी पहले से जारी है. ऐसे में अपनी पराजय के लिए संवैधानिक संस्थाओं को जिम्मेदार ठहराना तर्कसंगत नहीं है.
उन्होंने कहा कि 4 नवंबर को आयोजित होने वाली पदयात्रा लोकतंत्र की मर्यादा, संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करेगी. उन्होंने हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडलों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर बड़ी संख्या में मेदिनीनगर पहुंचने की अपील की. पदयात्रा शिवाजी मैदान से शुरू होकर समाहरणालय तक जाएगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.
