Jharkhand

पलामू में तेज रफ्तार का कहर! पिकअप वैन और टेम्पो के बीच हुई भीषण टक्कर,एक की मौत, चार गंभीर

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

पलामू: जिले के हैदरनगर-जपला मुख्य मार्ग पर मंगलवार को सिमरसोत (कुकही) मोड़ के समीप एक भीषण सड़क दुर्घटना में ऑटो सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया.

जानकारी के अनुसार, लपेया गांव से कुछ लोग ऑटो से जपला बाजार जा रहे थे. इसी दौरान सिमरसोत मोड़ के पास ऑटो मुख्य सड़क पर पहुंचा, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक पिकअप वैन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई.

दुर्घटना में लपेया गांव निवासी 60 वर्षीय बिहारी पासवान की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं कलावती देवी, नन्हकी देवी, अंजली कुमारी और प्रेमशिला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल, हुसैनाबाद पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने बिहारी पासवान को मृत घोषित कर दिया, जबकि कलावती देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया. अन्य घायलों का इलाज हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में जारी है.

घटना की सूचना मिलते ही हैदरनगर थाना प्रभारी तंजीलुल मन्नान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है तथा चालक के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.

हादसे से नाराज ग्रामीणों ने जपला-हैदरनगर मुख्य मार्ग पर सड़क जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा, घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था तथा दुर्घटना के जिम्मेदार चालक के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की. सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए थाना प्रभारी तंजीलुल मन्नान और अंचल पदाधिकारी संतोष कुमार मौके पर मौजूद रहे. दोनों अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया और प्रशासन की ओर से नियमानुसार कार्रवाई तथा हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.